फॉरेक्स मार्केट में रुपये का दम- डॉलर, यूरो और पॉन्ड के मुकाबले आई तेजी
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। घरेलू विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार (फॉरेक्स मार्केट) में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन आज भारतीय मुद्रा रुपये ने अमेरिकी डॉलर के मुकाबले शानदार मजबूती के साथ कारोबार की शुरुआत की है। इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में आज सुबह भारतीय रुपया पिछले बंद भाव 93.30 की तुलना में 10 पैसे मजबूत होकर 93.20 प्रति डॉलर के स्तर पर खुला। शुरुआती कारोबार के दौरान रुपये में यह बढ़त और तेज हो गई, जिससे इसने 93.0775 प्रति डॉलर के ऊपरी स्तर तक मजबूती हासिल की। सुबह 9:45 बजे भारतीय रुपया 0.1275 रुपये यानी 0.14 प्रतिशत की बढ़त के साथ 93.1725 प्रति डॉलर के स्तर पर कारोबार करता हुआ देखा गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर इंडेक्स में आई नरमी और भारत में हो रहे रिकॉर्ड विदेशी निवेश ने आज सुबह रुपये को जोरदार सहारा दिया है। दुनिया की प्रमुख छह मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की ताकत को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स आज सुबह पिछले बंद भाव 103.92 के मुकाबले 0.10 अंक यानी 0.10 प्रतिशत टूट कर 103.82 के स्तर पर आ गया है। हालांकि, एशियाई के अलग अलग शेयर बाजार में जारी जोरदार बिकवाली के कारण ऊपरी स्तर पर निवेशकों में थोड़ी सतर्कता भी दिखाई दे रही है।
अमेरिकी डॉलर के साथ-साथ प्रमुख यूरोपीय मुद्राओं के मुकाबले भी आज सुबह भारतीय रुपये ने अपनी बढ़त को और मजबूत किया है। ब्रिटिश पॉन्ड की तुलना में भारतीय रुपये में आज जोरदार तेजी देखी जा रही है, जिससे पॉन्ड पिछले बंद भाव 122.6347 के मुकाबले 0.5683 रुपये यानी 0.46 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 122.0664 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह यूरोपीय संघ की साझा मुद्रा यूरो के सामने भी रुपया मजबूत बना हुआ है और यूरो 0.2945 रुपये यानी 0.29 प्रतिशत टूट कर 102.2494 के स्तर पर कामकाज कर रहा है।
दूसरी ओर, प्रमुख एशियाई मुद्राओं के मुकाबले आज सुबह भारतीय रुपये पर हल्का दबाव देखने को मिल रहा है। जापानी येन के खिलाफ भारतीय रुपया 0.0016 रुपये यानी 0.27 प्रतिशत कमजोर हुआ है, जिससे येन का भाव चढ़ कर 0.5851 रुपये के स्तर पर पहुंच गया है। इसी तरह चीनी युआन के सामने भी भारतीय करेंसी में नरमी देखी जा रही है और युआन 0.0232 रुपये यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त के साथ 13.9652 रुपये के स्तर पर ट्रेड कर रहा है।
विदेशी मुद्रा बाजार के जानकारों और फॉरेक्स एक्सपर्ट्स का कहना है कि एशियाई शेयर बाजार में गिरावट के बावजूद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से भारतीय इक्विटी बाजार में लगातार हो रहे कैपिटल इनफ्लो (पूंजी आवक) ने रुपये को मजबूत सुरक्षा कवच दिया है। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में नरमी बने रहने से भारत के आयात बिल को लेकर चिंताएं भी कम हुई हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, शॉर्ट टर्म में रुपया 92.85 से 93.80 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक