भारतीय शेयर बाजार में आईपीओ लाने की तैयारी में 3 विदेशी कंपनियां, द कोका-कोला भी लगी लाइन में

 


नई दिल्ली, 01 नवंबर (हि.स.)। भारत प्राइमरी स्टॉक मार्केट (आईपीओ मार्केट) में जल्द ही दुनिया की तीन बड़ी मल्टीनेशनल कंपनियों की धमक दिखने वाली है। वैश्विक स्तर पर मशहूर बीयर निर्माता कार्ल्सबर्ग, फ्रांस की प्रमुख शराब कंपनी पेरनोड रिकार्ड और सॉफ्ट ड्रिंक सेक्टर की दिग्गज द कोका-कोला कंपनी अपने भारतीय कारोबार को घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट कराने की बड़ी योजना पर काम कर रही हैं।

भारतीय उपभोक्ताओं के बीच पहले ही अपनी मजबूत पकड़ बना चुकीं ये तीनों विदेशी कंपनियां अपने प्रस्तावित आईपीओ के माध्यम से भारतीय बाजार से बड़ी पूंजी जुटाने और अपने बिजनेस की सही वैल्यूएशन सामने लाने की तैयारी में हैं। हालांकि इन तीनों ही कंपनियों की योजना अभी अंतिम स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। भारतीय प्राइमरी मार्केट में उतरने की इनकी योजनाएं फिलहाल अलग-अलग चरणों में चल रही हैं।

भारत के शेयर बाजार में लिस्टिंग कराने की होड़ में डेनमार्क की दिग्गज बियर निर्माता कंपनी कार्ल्सबर्ग फिलहाल बाकी दोनों कंपनियों से काफी आगे निकल चुकी है। कंपनी ने अपने आईपीओ की शुरुआती औपचारिकताओं को आगे बढ़ाते हुए 28 अक्टूबर को भारत के मार्केट रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के पास अपना अपडेटेड ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) जमा कर दिया है।

कार्ल्सबर्ग की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) उल्रिका फियर्न ने हाल ही में कंपनी के तीसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम घोषित करते हुए इस बात की पुष्टि की है कि भारत में कंपनी के संभावित निवेशकों और फंड मैनेजर्स के साथ बैठकों का दौर शुरू किया जा रहा है। हालांकि, कंपनी की ओर से अभी इस पब्लिक इश्यू के कुल साइज और सटीक तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। भारत में टुबोर्ग, कार्ल्सबर्ग एलीफेंट और क्रोनेनबर्ग 1664 ब्लैंक जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स बेचने वाली कार्ल्सबर्ग का पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में रेवेन्यू कलेक्शन 8,708.8 करोड़ रुपये रहा था।

दूसरी ओर, एब्सोल्यूट, जैमिसन, चिवास रीगल और बैलेंटाइन्स जैसे प्रीमियम ब्रांड्स के जरिए भारतीय शराब बाजार में धाक जमाने वाली फ्रांस की पेरनोड रिकार्ड भी अपनी लिस्टिंग की रूपरेखा तैयार कर चुकी है। कंपनी की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट माउव क्रोइजैट के अनुसार, पेरनोड रिकार्ड के बोर्ड ने आईपीओ की आंतरिक तैयारियों को जारी रखने की अनुमति दे दी है लेकिन अंतिम मंजूरी मिलना अभी बाकी है।

भारत इस फ्रांसीसी कंपनी के लिए अमेरिका के बाद पूरी दुनिया में दूसरा सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बाजार है, जहां कंपनी ने वित्त वर्ष 2024-25 में 27,445.80 करोड़ रुपये की कुल बिक्री दर्ज कर जबरदस्त रेवेन्यू अर्निंग की थी। सितंबर में खत्म हुई दूसरी तिमाही में भी कंपनी ने भारतीय बाजार में अपने सेल्स वॉल्यूम में 19 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी हासिल की है।

इन दोनों के साथ ही, दुनिया के पांचवें सबसे बड़े कोका-कोला मार्केट यानी भारत में सॉफ्ट ड्रिंक बेचने वाली अमेरिकी दिग्गज कंपनी द कोका-कोला कंपनी भी अपने कदम आगे बढ़ा रही है। कंपनी अपने भारतीय बॉटलिंग ऑपरेशन से जुड़े कारोबार 'हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स' (एचसीसीएच) को शेयर बाजार में लिस्ट करने की संभावनाएं तलाश रही है। कोका-कोला के सीएफओ जॉन मर्फी ने भी इस संभावित आईपीओ की पुष्टि की है।

कंपनी ने इस साल जून महीने में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर अपनी लिस्टिंग को लेकर शुरुआती कदम उठाने के संकेत दिए थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जुबिलेंट भरतिया ग्रुप ने हिंदुस्तान कोका-कोला होल्डिंग्स में करीब 40 प्रतिशत की हिस्सेदारी का अधिग्रहण किया था। ये तीनों ही आईपीओ भारतीय शेयर बाजार की मजबूती को और बढ़ाएंगे, हालांकि इनकी लिस्टिंग की अंतिम समय सीमा रेगुलेटरी अप्रूवल और बाजार की तात्कालिक परिस्थितियों पर निर्भर करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक