फ्लिपकार्ट ने पार्सल पहुंचाने के लिए भारतीय डाक के साथ की साझेदारी
नई दिल्ली, 24 जुलाई (हि.स.)। ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने भारतीय डाक के जरिए उपभोक्ताओं तक पार्सल पहुंचाने के लिए डाक विभाग के साथ साझेदारी की है। इस समझौते के तहत अब इंडिया पोस्ट फ्लिपकार्ट के ऑर्डर की ग्राहक के घर तक अंतिम चरण की डिलीवरी (लास्ट माइल डिलीवरी) करेगा।
कंपनी ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि इस साझेदारी के तहत फ्लिपकार्ट को डाक विभाग के 1.6 लाख से अधिक डाकघरों के व्यापक नेटवर्क का लाभ मिलेगा। वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स मंच फ्लिपकार्ट ने बताया कि इससे कंपनी की बाजार तक पहुंच बढ़ेगी, पार्सल पहुंचाने की दक्षता में सुधार होगा और विशेष रूप से दूरदराज तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं बेहतर होंगी।
फ्लिपकार्ट ने कहा, ‘‘इस समझौते के तहत डाक विभाग देशभर में फ्लिपकार्ट के पार्सल को अंतिम चरण तक पहुंचाने की सेवाएं उपलब्ध कराएगा।’’ इस साझेदारी के तहत कंपनी शहरी, अर्ध-शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ दूरदराज एवं ऐसे इलाके जहां फ्लिपकार्ट की सेवा का अभाव हो वहां भी पार्सल पहुंचाने के लिए इंडिया पोस्ट के व्यापक नेटवर्क का उपयोग करेगा।
उल्लेखनीय है कि डाक विभाग ने पिछले साल दिसंबर में ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन इंडिया के साथ भी इसी तरह का समझौता किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर