वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद अप्रैल से 14 जून तक निर्यात 15 फीसदी बढ़ा : गोयल
- कहा, भारत-ईयू व्यापार समझौते पर दिसंबर तक हस्ताक्षर, अगले वर्ष फरवरी-मार्च से होगा लागू
नई दिल्ली, 21 जून (हि.स)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद चालू वित्त वर्ष 2026-27 में अप्रैल से 14 जून तक देश के माल निर्यात में लगभग 15 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। मई में भारत का निर्यात 18 फीसदी बढ़कर 45.2 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया, जो छह महीने का उच्चतम स्तर है।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने मुंबई में योग दिवस के अवसर पर ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट्स’ के साथ संवाद के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि 50 फीसदी अमेरिका शुल्क लगाए जाने के बावजूद पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में भारत के निर्यात में मजबूत वृद्धि हुई है। अगर हम अप्रैल और मई के पूरे महीनों के साथ ही जून के 14 दिन के उपलब्ध आंकड़ों की बात करें, तो इसमें निर्यात में 15 फीसदी की वृद्धि रही है। इसी अवधि में व्यापार घाटा बढ़कर 28.21 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया। गोयल ने संबोधन के दौरान ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट्स’ से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर दिसंबर तक हस्ताक्षर किए जाएंगे और इसके अगले वर्ष फरवरी-मार्च के दौरान लागू होने की संभावना है। इस वर्ष 27 जनवरी को भारत और यूरोपीय संघ ने वार्ताओं के समापन की घोषणा की थी।
वाणिज्य मंत्रालय जून माह के निर्यात-आयात संबंधी आधिकारिक आंकड़े 15 जुलाई को जारी करेगा। मंत्रालय के जारी आंकड़ों में अप्रैल-मई 2026-27 के दौरान देश का निर्यात 16.09 फीसदी बढ़कर 88.91 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जबकि आयात 15.14 फीसदी की वृद्धि के साथ 145.35 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इस अवधि में व्यापार घाटा 56.44 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर