ईपीएफओ ने प्रतिष्ठानों से कर्मचारी नामांकन अभियान का लाभ उठाने का किया आग्रह
नई दिल्ली, 22 अगस्त (हि.स.)। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने प्रतिष्ठानों से आग्रह किया है कि वे ईपीएफ कवरेज से बाहर कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कर्मचारी नामांकन अभियान, 2026 का लाभ उठाएं। इस अभियान का उद्देश्य नियोक्ताओं के स्वैच्छिक अनुपालन को सुगम बनाना और पात्र श्रमिकों को भविष्य निधि, पेंशन और बीमा लाभ प्रदान करना है।
श्रम और रोजगार मंत्रालय ने शनिवार को जारी बयान में बताया कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने प्रतिष्ठानों से आग्रह किया है कि वे 29 जून, 2026 से प्रभावी कर्मचारी नामांकन अभियान, 2026 (ईईसी 2026) का उपयोग करें। यह उन पात्र कर्मचारियों को नामांकित करने का विशेष अवसर प्रदान करता है, जो 1 अप्रैल, 2009 से 31 मार्च, 2026 की अवधि के दौरान कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) कवरेज से बाहर रहे।
मंत्रालय ने बताया कि यह अभियान 31 अक्टूबर तक चलेगा और इसका उद्देश्य नियोक्ताओं द्वारा स्वैच्छिक अनुपालन को सुविधाजनक बनाना और पात्र श्रमिकों को भविष्य निधि, पेंशन और बीमा के लाभ देना है। इसके तहत पात्र नियोक्ता उन कर्मचारियों की घोषणा और नामांकन कर सकते हैं, जो निर्धारित अवधि के दौरान ईपीएफ कवरेज से बाहर रह गए थे और घोषणा की तिथि पर जीवित हैं तथा प्रतिष्ठान में कार्यरत हैं।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा कि नियोक्ताओं को निर्धारित ऑनलाइन माध्यम से नामांकन और भुगतान प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इस अभियान का उद्देश्य पात्र कर्मचारियों को वैधानिक सामाजिक सुरक्षा ढांचे के अंतर्गत लाने के लिए एक व्यावस्थित तंत्र प्रदान करके प्रतिष्ठानों और श्रमिकों को लाभ पहुंचाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर