डीआरआई ने 27 किलो से ज्यादा तस्करी का सोना किया जब्त, 12 लोग गिरफ्तार

 




नई दिल्ली, 25 जुलाई (हि.स.)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए राष्ट्रव्यापी अभियानों में 27 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि डीआरआई ने संगठित सोने की तस्करी करने वाले गिरोहों पर अपनी निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए देशभर में खुफिया जानकारी पर आधारित कई अभियान चलाए हैं। इसके परिणामस्वरूप 27 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का तस्करी सोना जब्त किया गया, जबकि 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मंत्रालय ने कहा कि इन अभियानों में सोने को छिपाने के परिष्कृत तरीकों का खुलासा हुआ, जिनमें विमान के शौचालयों के अंदर, वाहनों और बर्तनों में विशेष रूप से निर्मित गुप्त गुहाओं और शरीर के भीतर छुपाने के तरीके भी शामिल हैं। मंत्रालय ने बताया कि मुंबई स्थित डीआरआई अधिकारियों ने 23-24 जुलाई को 12 किलोग्राम वजन के 6 विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद कीं।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक डीआरआई के अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रा कर रही महिला से 5 किलोग्राम वजन की 42 विदेशी मूल की सोने की ईंटें बरामद कीं। इसके साथ 22-23 जुलाई को मुंबई हवाई अड्डे पर 3.7 किलोग्राम सोने की धूल जब्त की गई और वाहक, सफाई कर्मचारी, हैंडलर और प्राप्तकर्ता सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा 19-20 जुलाई डीआरआई के अधिकारियों ने कोलकाता रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को रोका और विशेष रूप से निर्मित बर्तनों के अंदर चतुराई से छिपाए गए 4.6 किलोग्राम विदेशी मूल के सोने को बरामद किया। जांच में पता चला कि तस्करी का यह सोना म्यांमार के रास्ते भारत में तस्करी करके लाया गया था। सोना जब्त कर लिया गया और यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह डीआरआई ने कुल देशव्यापी अभियानों में 27 किलोग्राम तस्करी का सोना जब्त किया और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर