डीआरआई ने 14 करोड़ रुपये की 71 लाख विदेशी सिगरेट स्टिक जब्त की, चार गिरफ्तार
नई दिल्ली, 12 जून (हि.स)। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने पूर्वोत्तर क्षेत्र में तस्करी से लाई गई 14 करोड़ रुपये मूल्य की 71 लाख विदेशी सिगरेट स्टिक जब्त किया, जबकि चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी बयान में बताया कि राजस्व खुफिया निदेशालय ने विदेशी सिगरेट की तस्करी के विरूद्ध बड़ी कार्रवाई में पूर्वोत्तर क्षेत्र में कई समन्वित अभियान चलाए हैं। डीआरआई के पूर्वोत्तर क्षेत्र में मई 2026 से चलाए गए अभियानों में तस्करी से लाए गए विदेशी मूल की 71 लाख सिगरेट स्टिक जब्त की गई है, जिनका कुल मूल्य करीब 14 करोड़ रुपये है। इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक डीआरआई ने प्रमुख अभियानों में 11 जून को मिजोरम में मोंड, एक्ससो, ओआरआईएस और पैट्रॉन जैसे ब्रांडों की 45 लाख से अधिक विदेशी सिगरेट जब्त किए। यह अभियान असम राइफल्स की 34वीं बटालियन की सहायता से चलाया गया। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच से पता चला कि सिगरेट की तस्करी भारत-म्यांमार सीमा पर स्थित जोखावथर सेक्टर के रास्ते म्यांमार से की गई थी। पिछले कुछ सप्ताह में चलाए गए विभिन्न अभियानों में विदेशी ब्रांड के और 26 लाख सिगरेट जब्त किए गए हैं, जबकि 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर