मंडाविया गुरुवार को राष्ट्रव्यापी निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल का करेंगे शुभारंभ
नई दिल्ली, 06 मई (हि.स)। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया गुरुवार, 7 मई को राष्ट्रव्यापी निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल का शुभारंभ करेंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि डॉ. मनसुख मंडाविया, 7 मई को 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के श्रमिकों के लिए एक राष्ट्रव्यापी वार्षिक स्वास्थ्य जांच पहल की शुरुआत करेंगे, जिसका प्रस्ताव नए श्रम संहिताओं के तहत किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री इस पहल का औपचारिक उद्घाटन कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, बसई दारापुर, नई दिल्ली से करेंगे। इसके साथ ही देशभर के 11 अन्य ईएसआईसी अस्पतालों में भी एक साथ उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संबंधित राज्यों के श्रम मंत्री, संसद सदस्य (एमपी), विधानसभा सदस्य (एमएलए) और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस विजन के अनुरूप है, जो व्यापक श्रमेव जयते फ्रेमवर्क के तहत आता है। यह फ्रेमवर्क श्रमिकों के लिए श्रम की गरिमा और मजबूत सामाजिक सुरक्षा पर ज़ोर देता है। इस पहल का आधार चार नए श्रम संहिताओं के माध्यम से लाए गए वे परिवर्तनकारी सुधार हैं, जो 29 केंद्रीय श्रम कानूनों को चार व्यापक स्तंभों के अंतर्गत एकीकृत करते हैं। इन सुधारों का उद्देश्य अनुपालन को सरल बनाना, रोज़गार के औपचारिकरण को बढ़ावा देना और सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करना है।
मंत्रालय ने बताया कि ईएसआई योजना के तहत आने वाले लाभार्थियों के लिए, ये जांचें ईएसआईसी के अस्पतालों के बड़े नेटवर्क के ज़रिए की जाएंगी, जिसमें बीमारी का शुरुआती दौर में ही पता लगाने, बचाव से जुड़े स्वास्थ्य उपायों और लगातार स्वास्थ्य पर नज़र रखने पर खास ज़ोर दिया जाएगा। यह राष्ट्रव्यापी पहल व्यावसायिक स्वास्थ्य प्रणालियों को सुदृढ़ करने, भारत के कार्यबल के लिए व्यापक स्वास्थ्य सेवा तक पहुंच सुनिश्चित करने और 'विकसित भारत 2047' के विज़न को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर