डीजीसीए ने पायलट की उड़ान ड्यूटी समय सीमा में अस्थायी रूप से दी छूट
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स)। पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लंबी दूरी की उड़ानों के लिए पायलट की उड़ान ड्यूटी समय-सीमा (एफडीटीएल) में अस्थायी रूप से छूट दी है। ये छूट 30 अप्रैल तक प्रभावी रहेगी, ताकि परिचालन सुचारू बना रहे।
नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असंगबा चुबा आव ने मंगलवार को अंतर-मंत्रालयी प्रेसवार्ता में कहा कि विमानन नियामक डीजीसीए ने सुचारू संचालन के लिए पायलट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि चल रहे संघर्ष से उत्पन्न होने वाली स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि ईरान, इराक, इजराइल, जॉर्डन, लेबनान, कुवैत, कतर, बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात सहित कई देशों ने हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है या गंभीर प्रतिबंध लगाए हैं, जिससे वैश्विक विमानन नेटवर्क और अंतर्राष्ट्रीय कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व व्यवधान पैदा हुआ है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण भारतीय एयरलाइन कंपनियों की 10 हजार से अधिक उड़ानें रद्द हो चुकी हैं। पहले भारतीय एयरलाइन कंपनियां पश्चिम एशिया के लिए रोजाना 300-350 उड़ानें संचालित करती थीं, जो अब घटकर केवल 80-90 रह गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर