एसईसीएल की ‘नीट’ कोचिंग पहल को कोयला मंत्रालय ने अधिसूचित किया
नई दिल्ली, 11 जुलाई (हि.स)। कोयला मंत्रालय ने साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) की प्रमुख कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) पहल 'एसईसीएल के सुश्रुत' को भारत के राजपत्र में अधिसूचित कर दिया है।
कोयला कंपनी ने शनिवार को एक बयान में बताया कि वर्ष 2023 में शुरू की गई इस पहल के तहत मेधावी छात्रों को मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट' के लिए नि:शुल्क आवासीय कोचिंग दी जाती है। कोयला मंत्रालय ने इस योजना के लाभार्थियों के लिए 'आधार' प्रमाणीकरण सक्षम करने संबंधी राजपत्र अधिसूचना जारी की है।
मंत्रालय के अधिसूचना के तहत स्वैच्छिक आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से लाभार्थियों तक पारदर्शी, कुशल और लक्षित तरीके से लाभ पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए जो लाभार्थी ‘आधार’ का उपयोग नहीं करना चाहते, उनके लिए वैकल्पिक सरकारी मान्य पहचान दस्तावेजों का प्रावधान भी रखा गया है।
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह राजपत्र अधिसूचना इस योजना को औपचारिक मान्यता देती है। कोयला सार्वजनिक उपक्रम क्षेत्र में इस तरह की पहल के लिए पहली बार ऐसा कदम उठाया गया है, जो खनन क्षेत्रों में सामाजिक विकास में कोयला कंपनियों की बढ़ती भूमिका को दर्शाता है।
एसईसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक हरीश दुहान ने कहा, ‘यह अधिसूचना इस पहल की महत्वपूर्ण पहचान है, जो कोयला क्षेत्र के युवाओं की आकांक्षाओं को अवसरों में बदल रही है। यह सरकार के समावेशी और पारदर्शी विकास के दृष्टिकोण के अनुरूप है।’
उल्लेखनीय है कि एसईसीएल की प्रमुख सीएसआर पहल, राजपत्र अधिसूचना प्राप्त करने वाली पहली सीएसआर योजना बन गई है, जिससे लाभों का पारदर्शी, कुशल और प्रौद्योगिकी सक्षम वितरण संभव हो सकेगा। यह पहल पहले ही केंद्र के प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) पोर्टल पर सूचीबद्ध होने वाली कोयला क्षेत्र की पहली सीएसआर योजना बन चुकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर