केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो 18.6 किलोग्राम से अधिक कच्ची हेरोइन जब्त की, तीन गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 24 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने 'ऑपरेशन ब्लैक हॉक' में अंतरराज्यीय हेरोइन सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। इस दौरान ब्यूरो ने करीब 18.6 किलोग्राम से अधिक कच्ची हेरोइन जब्त की है, जबकि अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के तीन सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों के अधिकारियों ने लखनऊ के पास चलाए गए अपने अभियानों में 'ऑपरेशन ब्लैक हॉक' को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस अभियान में कुल 18.64 किलोग्राम कच्ची हेरोइन जब्त की गई। इस दौरान अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की मध्य प्रदेश इकाई को पूर्वोत्तर क्षेत्र से लखनऊ की ओर मादक पदार्थों की आवाजाही के संबंध में सटीक खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सीबीएन की मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश इकाइयों की संयुक्त टीमों ने 20-21 अगस्त की दरम्यानी रात सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर घेराबंदी की। अलग-अलग टोल प्लाजा पर लगातार निगरानी के बाद सीबीएन के एक दल ने 21 अगस्त को लखनऊ के पास असम नंबर की एक कार को रोका। मंत्रालय ने कहा कि लखनऊ स्थित सीबीएन कार्यालय में तकनीकी सहायता की मदद से कार की ईंधन टंकी को खोला गया, जिसके भीतर 25 वाटरप्रूफ पैकेट मिले। इनमें 16.46 किलोग्राम कच्ची हेरोइन थी। इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।

वित्त मंत्रालय के मुताबिक एक अन्य कार्रवाई में सीबीएन की उत्तर प्रदेश इकाई को मिली पुख्ता खुफिया जानकारी से पता चला कि एक भारी ट्रक सिलीगुड़ी-लखनऊ मार्ग पर मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा था। सीबीएन की अधिकारियों की टीमों ने कई टोल प्लाजा पर ट्रक की निगरानी की और बाद में बाराबंकी के पास उसे रोक लिया। वाहन की व्यवस्थित तलाशी के दौरान उसके बॉडी फ्रेम के भीतर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे में छिपाकर रखी गई 2.16 किलोग्राम कच्ची हेरोइन बरामद हुई। इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया।

मंत्रालय ने बताया कि यह प्रतिबंधित मादक पदार्थ उत्तर-पूर्वी राज्य से आया था और उत्तर प्रदेश में खपत के लिए तस्करी किया जा रहा था। मंत्रालय ने कहा कि पूर्वोत्तर में कच्ची हेरोइन की आपूर्ति करने वाले स्रोतों का पता लगाने और इससे जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए जांच जारी है। मंत्रालय ने कहा कि इन तीनों संदिग्धों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस), 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों परिवहन वाहनों और मादक पदार्थों की पूरी खेप को जब्त कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर