नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मालवाहक सेवाएं शुरू, चेन्नई से आई पहली कार्गो फ्लाइट

 




नई दिल्ली, 17 जून (हि.स)। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्री सेवा के बाद कार्गो सेवा की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोएडा इंटरनेशनल हवाईअड्डे पर बुधवार सुबह पहली कार्गो फ्लाइट उतरी।

जेवर के नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहला मालवाहक विमान आज सुबह चेन्नई से यहां पहुंचा। हवाई अड्डे पर मालवाहक विमान पर वाटर कैनन से पानी बरसा कर उसका स्वागत किया गया। नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो सर्विस शुरू होने पर पश्चिमी यूपी के व्यापारियों को सबसे ज्यादा फायदा होगा।

इस एयरपोर्ट पर मालवाहक संचालन के लिए एफकॉम कंपनी के साथ समझौता किया गया है। एयर इंडिया एसएटीएस एयरपोर्ट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (एआईएसएटीएस) ने मालवाहक उड़ानों के लिए हवाई अड्डे पर लगभग करीब 80 एकड़ में मालवाहक केंद्र विकसित किया है। मालवाहक सेवाओं के लिए कंपनी बोइंग 737-800 के विमानों का इस्तेमाल करती है। यमुना इंटरनेशनल हवाई अड्डा प्राइवेट लिमिटेड के वाइस चेयरमैन क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि इससे क्षेत्र में संपर्क बढ़ेगा और आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ान सेवा शुरू होने के अगले दिन मंगलवार को अकासा एयर ने नोएडा से नवी मुंबई और बंगलुरू के लिए उड़ानें शुरू की हैं। एयरपोर्ट पर दूसरे दिन 12 विमान उतरे और सभी अलग-अलग शहरों के लिए उड़ान भरी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर