बैंक ऑफ बड़ौदा ने हरित बुनियादी ढांचा बांड के जरिये जुटाए 10 हजार करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 05 मार्च (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने पर्यावरण के अनुकूल परियोजनाओं को समर्थन करने और स्वच्छ ऊर्जा पहलों के लिए फंडिंग को मजबूत करने की अपनी रणनीति के तहत ग्रीन बुनियादी ढांचा बांड इश्यू के जरिए 10 हजार करोड़ रुपये जुटाए हैं।
बैंक ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि दीर्घकालिक हरित बुनियादी ढांचा बांड जारी कर 10 हजार करोड़ रुपये जुटाने की जानकारी दी है। इसके साथ बीओबी घरेलू स्तर पर इस तरह का बांड जारी करने वाला देश का पहला बैंक बन गया है। बैंक ने कहा कि इस बांड को निवेशकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कुल 16,415 करोड़ रुपये की बोलियां प्राप्त हुईं। यह 5,000 करोड़ रुपये के बांड के आकार से तीन गुना से अधिक है। बीओबी ने बताया कि सात वर्षीय बांड को एनएसई के इलेक्ट्रॉनिक ऋण बोली मंच पर 5,000 करोड़ रुपये के आधार बांड और 5,000 करोड़ रुपये के ग्रीन शू यानी अधिक बोली आने पर उसे रखने के विकल्प के साथ पेश किया गया था। बैंक ने कहा कि मौजूदा बाजार अस्थिरता के बावजूद बैंक ने 7.10 फीसदी ब्याज के साथ यह बोली हासिल की है, जो निवेशकों के मजबूत विश्वास को दर्शाता है।
बैंक के मुताबिक हरित बुनियादी ढांचा बांड से प्राप्त राशि को बीओबी के हरित वित्तपोषण रूपरेखा और लागू नियामक दिशा-निर्देशों के अनुरूप पात्र हरित परियोजनाओं में लगाया जाएगा। इससे नवीकरणीय ऊर्जा और अन्य पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ बुनियादी ढांचा परियोजनाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए दीर्घकालिक वित्तपोषण संभव हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर