बैंक ऑफ बड़ौदा हरित बॉन्ड के जरिए जुटाएगा 10 हजार करोड़ रुपये
नई दिल्ली, 27 फरवरी (हि.स)। सार्वजनिक क्षेत्र का बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) हरित अवसंरचना बॉन्ड जारी कर 10 हजार करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रहा है। इन बॉन्ड की अवधि सात वर्ष होगी।
बाजार सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि इसमें अधिक बोली आने पर 5 हजार करोड़ रुपये तक की बोली रखने (ग्रीन शू) का विकल्प शामिल होगा, जिससे कुल निर्गम आकार 10 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।
बॉन्ड निर्गम के लिए बोली 4 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर 12:00 बजे के बीच एनएसई के इलेक्ट्रॉनिक बुक प्रोवाइडर (ईबीपी) मंच पर आयोजित की जाएगी। आधार निर्गम आकार 5,000 करोड़ रुपये है। इन बॉन्ड की अवधि सात वर्ष होगी। यह पांच मार्च 2033 को परिपक्व होंगे। भुगतान एवं आवंटन की तिथि पांच मार्च 2026 निर्धारित है।
बॉन्ड पर वार्षिक ब्याज भुगतान होगा और इन्हें बंद बोली प्रक्रिया के जरिए समान प्रतिफल आधार पर आवंटित किया जाएगा। इसके लिए आवेदन की न्यूनतम राशि एक लाख रुपये है और उसके बाद एक लाख रुपये के गुणकों में बोली लगाई जा सकेगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर