बिहारी लाल इंजीनियरिंग का आईपीओ पहले दिन 2.03 गुना हुआ सब्सक्राइब

 




नई दिल्ली, 12 अगस्त (हि.स.)। एकीकृत लौह एवं इस्पात विनिर्माण कंपनी बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बुधवार को बोली के पहले दिन 2.03 गुना सब्सक्राइब किया गया।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के आंकड़ों के अनुसार इस आईपीओ के तहत ऑफर की गई 74,12,769 शेयरों के मुकाबले 1,50,12,556 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 2.69 गुना अभिदान मिला है, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों (एनआईआई) के हिस्से को 2.11 गुना अभिदान मिला। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के हिस्से के लिए 73 प्रतिशत बोलियां मिलीं।

बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 90.48 करोड़ रुपये जुटाए हैं। कंपनी का आईपीओ 14 अगस्त को बंद होगा। 302 करोड़ रुपये के इस इश्यू के लिए मूल्य दायरा 271-285 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। कंपनी के इस आईपीओ में 93 करोड़ रुपये तक के नए शेयर और 73.20 लाख तक इक्विटी शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

कंपनी नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल अपनी विनिर्माण इकाइयों में उपकरण और मशीनरी, जिसमें कंप्यूटर और अन्य संबंधित उपकरण शामिल हैं, खरीदने एवं लगाने तथा संबंधित सिविल कार्यों पर करेगी।

उल्लेखनीय है कि बिहारी लाल इंजीनियरिंग लिमिटेड आयरन और स्टील सेक्टर की कंपनी है। 1995 में बनी ये कंपनी यह कस्टमाइज्ड इंजीनियरिंग सॉल्यूशंस में माहिर है। ये कंपनी खास औद्योगिक कामों के लिए प्रिसीशन इंजीनियरिंग कंपोनेंट बनाती है, जिनमें मेटल रोल, इंजीनियरिंग कास्टिंग, अलॉय स्टील प्रोडक्ट, फोर्जिंग इंगॉट और शाफ्ट शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर