देशव्यापी हड़ताल से पहले रविवार होने के बावजूद 27 सितंबर को खुले रहेंगे बैंक, आरबीआई ने दी मंजूरी

 




नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी हड़ताल को देखते हुए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया आरबीआई ने बड़ा फैसला लिया है। रिजर्व बैंक ने कहा है कि रविवार, 27 सितंबर, 2026 को बैंक खुले रहेंगे, ताकि ग्राहकों को परेशानी न हो।

वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर, 2026 तक तीन दिनों की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल बुलाई है। ये हड़ताल 26 और 27 सितंबर की सप्ताहांत की छुट्टियों के ठीक बाद हो रही है। इसलिए सरकार ने नागरिकों की बैंकिंग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पहले से ही यह आवश्यक कदम उठाए हैं।

मंत्रालय ने कहा कि यह सुनिश्चित करने के लिए कि आम लोगों की बैंकिंग से जुड़ी जरूरी जरूरतें लंबे समय तक प्रभावित न हों, सभी पब्लिक सेक्टर बैंक और रीजनल रूरल बैंक रविवार, 27 सितंबर 2026 को को सामान्य रूप से काम करेंगे।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि रिजर्व बैंक ने सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को 27 सितंबर 2026 को पूरी तरह से चालू रखने की मंज़ूरी दे दी है।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि बैंक ग्राहकों की भलाई और सुविधा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को टालने की अपील की है और यह पक्का करने के लिए भी कदम उठाए हैं कि ज़रूरी बैंकिंग सेवाएं बिना किसी रुकावट के चलती रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर