ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स ने आईपीओ के लिए सेबी के समक्ष डीएचआरपी दाखिल किया

 




- आईपीओ के जरिए 750 करोड़ रुपये जुटाने की है योजना

नई दिल्ली, 11 मई (हि.स)। बेंगलुरु की कंपनी ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स (इंडिया) लिमिटेड ने पूंजी बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष अपना आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने के लिए प्रारंभिक दस्तावेज दाखिल किए हैं। कंपनी का लक्ष्य आईपीओ के जरिये 750 करोड़ रुपये जुटाना है।

सेबी के समक्ष ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स की जमा आईपीओ दस्तावेज के अनुसार 2 रुपये फेस वैल्यू वाला यह आईपीओ 750 करोड़ रुपये तक का एक नया ईश्यू है। इस निर्गम में प्रोमोट्रॉन अनंत महेश बेलाड और राजेश्वरी शिवानंद महाशेट्टी द्वारा 750 करोड़ रुपये के नए शेयर और 57.10 लाख शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।

कंपनी के अनुसार ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स इंडिया लिमिटेड अपने नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 160 करोड़ रुपये का उपयोग कुछ ऋणों के पुनर्भुगतान या पूर्व-भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा 330 करोड़ रुपये कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने में लगाए जाएंगे, जबकि शेष राशि संभावित अधिग्रहण और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल होगी।

ऑनलाइन इंस्ट्रूमेंट्स इंडिया लिमिडेट कंपनी ऑडियो-विजुअल सिस्टम एकीकरण (एवीएसआई) समाधान प्रदान करती है। इसके बेंगलुरु में तीन विनिर्माण संयंत्र हैं। इसके अलावा कंपनी ने भारत के साथ-साथ सिंगापुर, मलेशिया, ताइवान, फिलीपींस, संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका, मेक्सिको और फ्रांस जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी एवीएसआई परियोजनाएं पूरी की हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर