10 साल की बैटरी वारंटी के साथ आया एथर कोणार्क

 




जयपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। इलेक्ट्रिक स्कूटर निर्माता एथर एनर्जी ने शनिवार को जयपुर में अपना नया इलेक्ट्रिक स्कूटर कोणार्क पेश किया। कंपनी के नए ईएल प्लेटफॉर्म पर तैयार कोणार्क को रोजमर्रा की सवारी, आराम, लंबी रेंज, मजबूती और कम रखरखाव को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। स्कूटर एस और जैड सीरीज में छह वैरिएंट में उपलब्ध होगा और इसकी अधिकतम 200 किलोमीटर तक की आईडीसी रेंज है। जयपुर में इसकी विशेष शुरुआती कीमत 99,999 रुपए (एक्स-शोरूम) रखी गई है। चुनिंदा वैरिएंट की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है।

कोणार्क का सर्विस अंतराल 10 हजार किलोमीटर है। यानी वाहन की सर्विस 10 हजार किलोमीटर या एक साल, जो भी पहले हो, के बाद करानी होगी। कंपनी के अनुसार इसमें कम सर्विस चेकपॉइंट्स रखे गए हैं और घिसने वाले कलपुर्जे आसानी से उपलब्ध होंगे, जिससे रखरखाव आसान रहेगा। स्कूटर के सभी वैरिएंट में एथर की पांचवीं पीढ़ी की बेडरॉक बैटरी दी गई है। कंपनी बैटरी पर 10 साल या एक लाख किलोमीटर, जो भी पहले हो, की वारंटी दे रही है। साथ ही वारंटी अवधि पूरी होने तक कम से कम 70 प्रतिशत बैटरी स्वास्थ्य की गारंटी भी दी गई है।

कोणार्क को भारतीय सड़कों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें 14 इंच का फ्रंट अलॉय व्हील, 12 इंच का रियर अलॉय व्हील और 1352 मिलीमीटर का व्हीलबेस है। दोनों पहियों पर लॉन्ग-ट्रैवल सस्पेंशन दिए गए हैं। यह एथर का पहला स्कूटर है, जिसमें पीछे की तरफ धातु पैनल और स्टील यूनिबॉडी चेसिस दिया गया है। सीक्वेंशियल गियर-ड्राइव ट्रांसमिशन के जरिए सुगम और लगभग शांत पावर डिलीवरी मिलती है।

एथर एनर्जी के हेड ऑफ मार्केटिंग सौरभ शर्मा ने कहा कि राजस्थान इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को अधिक से अधिक राइडर्स तक पहुंचाने की दिशा में कंपनी के लिए महत्वपूर्ण राज्य है। कोणार्क उन ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जो इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने का इंतजार कर रहे हैं। मेटल बॉडी, 200 किलोमीटर तक की रेंज, आरामदायक सवारी, तेज होम चार्जिंग, 10 हजार किलोमीटर का सर्विस अंतराल और 10 साल की बैटरी वारंटी जैसी सुविधाएं ग्राहकों के लिए उपयोगी हैं। कोणार्क राजस्थान में कंपनी की मौजूदगी बढ़ाने और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कोणार्क के साथ एथर राजस्थान में अपने उत्पाद पोर्टफोलियो का विस्तार कर रहा है। कंपनी की स्पोर्टी 450 सीरीज और फैमिली स्कूटर रिज्टा पहले से बाजार में मौजूद हैं। जयपुर में कोणार्क की पेशकश को कंपनी ने राज्य में अपने बिक्री, सेवा और चार्जिंग नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश