एशियाई उत्पादकता संगठन के शासी निकाय के 68वें सत्र की मेजबानी करेगा भारत
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स)। भारत एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) के शासी निकाय के 68वें सत्र की बैठक इस हफ्ते भारत मंडपम में 20 से 22 मई तक होने वाली है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 21 मई को इस बैठक के उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम की मेजबानी भारत करेगा। इस सत्र में 20 एपीओ सदस्य देशों के 60 से अधिक वरिष्ठ प्रतिनिधि भाग लेंगे।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के मुताबिक तीन दिवसीय इस कार्यक्रम में एपीओ विजन 2030 फ्रेमवर्क, 2027-28 की द्विवर्षीय अवधि के लिए एपीओ के प्रारंभिक बजट और एपीओ महासचिव चुनाव प्रक्रियाओं की समीक्षा पर उच्च स्तरीय चर्चाएं होंगी। एपीओ की 68वीं शासी निकाय की बैठक के दौरान उत्पादकता के पैरोकारों और तकनीकी विशेषज्ञों को एपीओ राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
एपीओ के निदेशक, सलाहकार, एपीओ सदस्य देशों के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधि और आमंत्रित अतिथियों के भी इस कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। इसके साथ ही कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान और भूटान की सरकारों के पर्यवेक्षकों के साथ-साथ ग्लोबल ग्रीन ग्रोथ इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधि भी इसमें भाग लेंगे।
उल्लेखनीय है कि 1961 में स्थापित एशियाई उत्पादकता संगठन (एपीओ) एशिया-प्रशांत क्षेत्र के 21 सदस्य देशों से मिलकर बना एक अंतर-सरकारी संगठन है। एपीओ शासी निकाय के 68वें सत्र की मेजबानी करना राष्ट्रीय प्राथमिकताओं और वैश्विक आर्थिक रुझानों के अनुरूप क्षेत्र में उत्पादकता-आधारित विकास, नवाचार और सतत विकास को बढ़ावा देने के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर