एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया के सभी गंतव्यों के लिए शुरू की उड़ानें

 




नई दिल्ली, 02 जुलाई (हि.स)। टाटा समूह के स्वामित्व वाली कम लागत वाली विमानन कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया (खाड़ी देशों) के लिए अपनी सभी उड़ानों को पूरी तरह से बहाल कर दिया है।

विमानन कंपनी ने गुरुवार को जारी एक बयान में बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया नेटवर्क के सभी गंतव्यों के लिए अपनी सेवाएं बहाल कर दी हैं, जिसमें ओमान के 'सालालाह' और 'कुवैत' के लिए उड़ानें भी शामिल हैं।

एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जारी एक आधिकारिक बयान में कहा कि कोझिकोड से सालालाह के लिए उड़ानें 02 जुलाई से शुरू हो चुकी हैं। इसके अलावा कोझिकोड-कुवैत रूट पर 03 जुलाई से और बेंगलुरु-कुवैत रूट पर 04 जुलाई से उड़ानें दोबारा शुरू की जा रही हैं। कंपनी ने बताया कि आने वाले दिनों में इन रूटों पर उड़ानों की संख्या को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।

कंपनी ने ‘एक्स’ पर जारी एक अन्य पोस्ट में कहा कि पूर्वोत्तर भारत का गेटवे अब पश्चिम एशिया का गेटवे भी बन गया है। हमें पूर्वोत्तर भारत को पश्चिम एशिया से जोड़ने वाली पहली सीधी उड़ानें शुरू करने पर गर्व है। ये उड़ानें गुवाहाटी को 04 अगस्त से दुबई और 07 अगस्त से अबू धाबी से जोड़ेंगी। #XploreMore और अभी http://airindiaexpress.com, AIX मोबाइल ऐप या अपने ट्रैवल एजेंट के जरिए बुकिंग करें।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर