अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड का आईपीओ दूसरे दिन 44 गुना से ज्यादा हुआ सब्सक्राइब
नई दिल्ली, 24 जून (हि.स)। जयपुर स्थित आभूषण क्षेत्र की कंपनी अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड के आईपीओ को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। इसमें बोली लगाने के दूसरे दिन बुधवार को इसे 44.16 गुना सब्सक्राइब किया गया, जिससे योग्य संस्थागत खरीदार (क्यूआईबी), खुदरा और गैर-संस्थागत निवेशक की ओर से इस आईपीओ के लिए मजबूत मांग का पता चलता है। इस इश्यू को बोली लगाने के पहले दिन ही 11.18 गुना सब्सक्राइब किया गया।
स्टॉक एक्सचेंज पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार ऑफर किए गए 83,79,300 इक्विटी शेयरों के मुकाबले इस इश्यू के लिए 36,99,90,300 इक्विटी शेयरों की बोलियां मिलीं। गैर-संस्थागत हिस्सा और खुदरा हिस्सा क्रमशः 121.16 और 35.46 गुना सब्सक्राइब हुआ। योग्य संस्थागत खरीदार का हिस्सा 1.56 गुना सब्सक्राइब हुआ। इसको बोली लगाने के पहले दिन ही 11.18 गुना सब्सक्राइब किया गया था। यह इश्यू 23 जून को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला, जो 25 जून को बंद होगा।
आनंद राठी, मारवाड़ी फाइनेंशियल सर्विसेज, एसबीआई सिक्योरिटीज और एसएमआईएफएस लिमिटेड जैसी प्रमुख ब्रोकरेज फर्मों ने अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड के इश्यू के लिए सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ये कंपनी जयपुर स्थित पारंपरिक और आधुनिक हाथ से बनी बेहतरीन ज्वेलरी की निर्माता और विक्रेता है, जो कुंदन, पोलकी, डायमंड और जड़े हुए गहनों में माहिर है।
एसबीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि कंपनी के प्रोडक्ट कलेक्शन में एंटीक, ब्राइडल, पारंपरिक, आधुनिक और फ्यूजन स्टाइल शामिल हैं, जो अलग-अलग कीमत, मौकों और उम्र के लोगों के लिए है। अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड ने अपने पहले आईपीओ के लिए 10 रुपये के फेस वैल्यू वाले हर इक्विटी शेयर के लिए मूल्य का दायरा 130-138 रुपये प्रति शेयर तय की है। निवेशक इसमें कम से कम 100 इक्विटी शेयरों और उसके बाद 100 इक्विटी शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं।
जयपुर स्थित आभूषण क्षेत्र की कंपनी अद्वित ज्वेल्स लिमिटेड खासतौर पर कुंदन, पोल्की, डायमंड और स्टडेड (रत्न जड़े) गहने बनाने के लिए जानी जाती है। इसका ब्रैंड नेम 'रामभजो' है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर