राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम, देश को नई दिशा देने में सक्षम: विनय पांडेय
वाराणसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व प्रांत प्रमुख विनय पांडेय ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। उनकी शक्ति, साहस, ऊर्जा और कार्यक्षमता देश को नई दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
विनय पांडेय ने कहा कि किसी भी राष्ट्र के निर्माण और विकास में युवा वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवा शारीरिक और मानसिक रूप से चुनौतियों का सामना करने और जिम्मेदारियों को निभाने में सक्षम होते हैं। भारत की युवा आबादी देश की बड़ी ताकत है और इसका सही दिशा में उपयोग राष्ट्र के विकास में निर्णायक साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि युवा देश के कर्णधार हैं और देश एवं समाज का भविष्य काफी हद तक उनके योगदान पर निर्भर करता है। युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक जिम्मेदारी, कर्तव्यबोध और नैतिक मूल्यों की भावना मजबूत होनी चाहिए।
विनय पांडेय ने समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने में भी युवाओं की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज में जहां भी बिखराव या जागरूकता की कमी है, वहां युवाओं को आगे बढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। युवा यदि सही मार्ग और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें तो भारत को दुनिया के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान करते हुए कहा, "चाहे जो हो धर्म तुम्हारा, चाहे जो वादी हो, अगर नहीं जी रहे देश के लिए तो तुम अपराधी हो।"

