निशिकांत दुबे की टिप्पणी के विरोध में वाराणसी में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद की सदस्यता समाप्त करने की उठाई मांग
वाराणसी। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर की गई कथित टिप्पणी के विरोध में शनिवार को वाराणसी में महानगर युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने निशिकांत दुबे के फोटो का प्रतीकात्मक विरोध करते हुए उसे गटर में डालकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महानगर युवा कांग्रेस के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश सह प्रभारी नरसिम्हा यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सांसद निशिकांत दुबे की टिप्पणी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और देश के इतिहास का अपमान बताया।
युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री थे और उन्होंने आधुनिक भारत की नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ऐसे राष्ट्रीय नेता के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम की विरासत और करोड़ों नागरिकों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता लगातार कांग्रेस पार्टी, गांधी परिवार और विपक्ष के नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर राजनीतिक माहौल को दूषित कर रहे हैं।
चंचल शर्मा ने कहा कि यदि भाजपा वास्तव में लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय संस्कृति में विश्वास करती है तो उसे निशिकांत दुबे के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि सांसद अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से देश से माफी मांगें। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि बिना माफी मांगे निशिकांत दुबे काशी आते हैं तो युवा कांग्रेस उनका लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध करेगी।
युवा कांग्रेस ने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन राष्ट्रीय नेताओं के प्रति सम्मान बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया। कुछ समय के लिए प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास भी किया गया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक अपना विरोध दर्ज कराया और निर्धारित कार्यक्रम पूरा किया।
इस अवसर पर प्रदेश सह प्रभारी नरसिम्हा यादव, महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा, अनुपम राय, ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, विनीत चौबे, मो. जीशान, अश्वनी यादव, उत्कर्ष पांडेय, आशुतोष श्रीवास्तव, सुजान खान, सूरज यादव, जमाल अहमद, सिद्धार्थ केशरी, सोनू तिवारी सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

