काशी विद्यापीठ गेट के पास युवक गिरफ्तार, भारी मात्रा में शराब बरामद
वाराणसी। सिगरा पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 55 बोतल अंग्रेजी शराब और 29 बीयर केन बरामद किए हैं। बरामद शराब की मात्रा करीब 11 लीटर और बीयर की मात्रा करीब 14 लीटर बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में सिगरा पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के गेट नंबर एक के पास सड़क पर एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 55 बोतलें और 29 बीयर केन बरामद हुए। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर युवक को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान संदीप कुमार सोनकर (27) पुत्र भूटानी सोनकर, निवासी खटीकाना, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पास, थाना सिगरा, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मामले में थाना सिगरा में मु0अ0सं0 413/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक अभय सिंह परिहार तथा कांस्टेबल राकेश और अभिषेक शामिल रहे।

