शिवपुर में युवक ने फांसी लगाकर दी जान, किराए के कमरे में मिला शव
वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के मीरापुर बसही इलाके में सोमवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव किराए के कमरे में पंखे से लटका मिला, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
किराए के मकान में अकेले रह रहा था युवक
घटना चांदमारी स्थित मीरापुर बसही क्षेत्र की है, जहां कुलदीप कुमार (लगभग 30 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी बरवां (थाना मेहनाजपुर, आजमगढ़) किराए के मकान में अकेले रह रहा था। वह नवलपुर क्षेत्र में ध्यान शंकर चौबे के मकान में रहकर अपना जीवनयापन कर रहा था।
पंखे से लटकता मिला शव, मकान मालिक ने दी सूचना
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक ने कमरे में पंखे से सफेद रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सबसे पहले मकान मालिक ध्यान शंकर चौबे को हुई, जिन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की।
फोरेंसिक टीम जुटी, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
पुलिस ने मौके की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया है, ताकि साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सके। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर स्थित मोर्चरी हाउस भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।
परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
घटना की सूचना मृतक के पिता विनोद कुमार को दूरभाष के माध्यम से दे दी गई है। पुलिस के अनुसार मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की गहन जांच की जा रही है।

