गायघाट पर गंगा में डूबने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित गायघाट पर शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान एक 22 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद घाट पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एनडीआरएफ और निजी गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान जैतपुरा थाना क्षेत्र के शैलपुत्री निवासी दीपक कुमार पुत्र दिनेश लाल के रूप में हुई है। दीपक अपने कुछ दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने के लिए गायघाट आया था। घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जेट्टी लगाई गई है और लोगों को उसके भीतर ही स्नान करने की सलाह दी जाती है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान दीपक जेट्टी की सीमा पार कर गहरे पानी में पहुंच गया। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव में डूबने लगा।

दीपक को डूबता देख उसके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। स्थानीय लोगों ने तत्काल उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही क्षणों में वह गंगा की गहराई में लापता हो गया। सूचना मिलने पर आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ तथा निजी गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया।

मृतक के पिता दिनेश लाल ने बताया कि दीपक नीचीबाग स्थित एक भोजनालय में कार्यरत था। गुरुवार को वह गोलगड्डा स्थित अपनी बुआ के घर गया था। वहीं से वह दोस्तों के साथ गायघाट पर स्नान करने पहुंचा, जहां यह दुखद हादसा हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share this story