बाबा के भक्तों को मंदिर तक जाने के लिए गोल्फ कार्ट संचालित करेगी योगी सरकार
वाराणसी, 16 अप्रैल: श्री काशी विश्वनाथ धाम के लोकार्पण के बाद वाराणसी में पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। बाबा के भक्तों के लिए योगी सरकार नई पहल करने जा रही है। काशी पुराधिपति के दरबार तक जाने के लिए गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा। आम हो या ख़ास, सभी इस गोल्फ कार्ट का इस्तेमाल कर बाबा के धाम पहुंच सकेंगे। राजनारायण पार्क (बेनियाबाग),मैदागिन समेत कई स्थानों से इस सेवा को शुरू करने की योजना अक्षय तृतीया के दिन से है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि मैदागिन, राज नारायण पार्क और कबीर चौरा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर गेट नंबर 4 तक इको फ्रेंडली इलेक्ट्रिक गोल्फ कार्ट की सुविधा शुरू की जा रही है। शुरू में करीब 25 गोल्फ कार्ट संचालित होंगे,बाद में इसकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। इस सुविधा के लिए यात्री को निश्चित शुल्क देना होगा। यात्रियों की सुविधा और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि गोल्फ कार्ट की सेवा भोर में 3 बजे से रात 11 बजे तक रहेगी। गोल्फ कार्ट दो तरह की है, एक कार्ट में 6 लोगों की बैठने की क्षमता होंगी, जबकि दूसरे में 9 लोग बैठ सकते है। आने वाले समय में और स्थानों से भी गोल्फ कार्ट चलाए जाने की योजना है।
मैदागिन स्थित टाउनहॉल और राज नारायण पार्क (बेनियाबाग) में बने आधुनिक पार्किंग में अपने वाहन खड़ा करने के बाद गोल्फ कार्ट से विश्वनाथ धाम जा सकेंगे।

