मोहनसराय में एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ, टीबी उन्मूलन की दिशा में पहल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आराजी लाइन ब्लॉक के मोहनसराय स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय एक्स-रे स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। टीबी रोग की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में पहले दिन ग्रामीणों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली।

शिविर का उद्घाटन उज्ज्वल किरण जनकल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने एक्स-रे जांच कराकर किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग और पिरामल फाउंडेशन के अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों को क्षय रोग (टीबी) के लक्षण, जांच प्रक्रिया और सरकारी स्तर पर उपलब्ध निःशुल्क उपचार सुविधाओं की जानकारी दी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि लगातार दो सप्ताह से अधिक खांसी, बुखार, कमजोरी, भूख न लगना और वजन कम होना टीबी के प्रमुख लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों को तुरंत जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान और नियमित दवा सेवन से टीबी का पूर्ण उपचार संभव है।

पिरामल फाउंडेशन के सीनियर प्रोग्राम लीडर सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत विकासखंड के 12 उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग कर टीबी के मामलों का समय रहते पता लगाया जा सके।

कार्यक्रम में बीपीएम वृजमोहन, एएनएम विजय लक्ष्मी, सीएचओ वनशिका मौर्या, आशा कार्यकर्ता आशा देवी, चन्दा देवी, स्पूटम ट्रांसपोर्टर जैनम, प्रोग्राम फेलो पायल और सेजल, स्वयंसेवक गुड्डू सहित स्वास्थ्य विभाग और पिरामल फाउंडेशन से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।

Share this story