विश्व मलेरिया दिवस पर जागरुकता कार्यक्रम, मलेरिया से बचाव व उपचार के तरीके बताए

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय बरियासनपुर में शनिवार को मलेरिया जागरूकता कार्यक्रम एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और स्थानीय लोगों को मलेरिया से बचाव, उसके कारण और उपचार के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलसेन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मलेरिया से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आसपास साफ-सफाई बनाए रखना, जलभराव से बचना और नियमित रूप से एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने की संभावना कम हो सके।

विद्यालय में बच्चों को मलेरिया रोग के लक्षण, कारण और बचाव के तरीकों के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता और साफ वातावरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर डॉ. मनोज कुमार वर्मा और मलेरिया निरीक्षक अनुराग मिश्रा सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।

Share this story