विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी में जुट जाएं कार्यकर्ता, बूथ स्तर पर मजबूत करें संगठन : अशोक चौरसिया
वाराणसी। पिंडरा विधानसभा क्षेत्र के भानपुर में भाजपा नेता रविशंकर सिंह की ओर से आयोजित स्नेह मिलन कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के काशी क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ हैं और बूथ स्तर पर उनकी सक्रियता ही पार्टी की मजबूती का आधार है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अशोक चौरसिया ने समाजवादी पार्टी के पीडीए फार्मूले को छलावा बताया। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव समय-समय पर पीडीए की परिभाषा बदलते रहे हैं। कभी इसमें ब्राह्मणों को प्रमुखता दी जाती है तो कभी पिछड़ों को, आगे भी यह फार्मूला बदल सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के पास अपना कोई ठोस मुद्दा नहीं है और जनता उसके शासनकाल को देख चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि जनता का विश्वास भाजपा के साथ है और 2027 में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। वाराणसी की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और बूथ स्तर पर मेहनत करने वाला कार्यकर्ता संगठन में उच्च पद तक पहुंच सकता है। अमित शाह का उदाहरण देते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।
करीब एक घंटे तक चले संवाद कार्यक्रम में उन्होंने चुनावी रणनीति, बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची की निगरानी और संगठन को मजबूत करने सहित विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सक्रियता बढ़ाने को कहा।
भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल ने कहा कि उन्होंने 1993 से भाजपा कार्यकर्ता के रूप में काम किया है और पार्टी ने उन्हें वाराणसी का जिलाध्यक्ष बनाकर बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ईमानदारी से चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि एक बार फिर भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। कार्यक्रम के आयोजक भाजपा नेता रविशंकर सिंह ने मुख्य अतिथि अशोक चौरसिया और अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर स्वागत-सम्मान किया।

