वाराणसी में एक्स-रे के बहाने महिला से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। चोलापुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक्स-रे कराने आई एक महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अस्पताल परिसर में एक्स-रे से संबंधित कार्य करता था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालगंज निवासी शत्रुधन मिश्रा के रूप में हुई है। वह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर में एक्स-रे से जुड़े कामकाज में लगा हुआ था। पीड़िता ने 6 मार्च को थाना चोलापुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि जब वह सीएचसी में एक्स-रे कराने पहुंची तो आरोपी ने मौके का फायदा उठाकर उसके साथ छेड़छाड़ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस को मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले में धाराएं बढ़ाई गईं और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म से संबंधित आरोप भी जोड़े गए। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को सीएचसी परिसर से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Share this story