बरेका में अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे का दबदबा, ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों में पश्चिम रेलवे बनी ओवरऑल चैंपियन, बरेका के पहलवानों ने जीते पांच पदक

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के कुश्ती केंद्र में चल रही 67वीं पुरुष अखिल भारतीय अंतर-रेलवे कुश्ती प्रतियोगिता 2026-27 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में पश्चिम रेलवे के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीको रोमन और फ्री स्टाइल दोनों वर्गों की ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की। उत्तर रेलवे को दोनों वर्गों में दूसरा और उत्तर पश्चिम रेलवे को तीसरा स्थान मिला। मेजबान बरेका के पहलवानों ने तीन रजत और दो कांस्य समेत कुल पांच पदक जीते।

समापन समारोह में बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने विजेता टीमों और पदक विजेता पहलवानों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के अनुशासन, कठिन परिश्रम, तकनीक और खेल भावना की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

123

अंतिम दिन दिखा पहलवानों का दमखम
प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले हुए। फ्री स्टाइल के 97 किग्रा वर्ग में पश्चिम रेलवे के प्रवीण कुमार ने स्वर्ण, रेलवे सुरक्षा बल के हरदीप सिंह ने रजत तथा पश्चिम मध्य रेलवे के राहुल राठी और उत्तर रेलवे के विक्की ने कांस्य पदक जीता। 74 किग्रा वर्ग में पश्चिम रेलवे के सौरभ सहरावत ने स्वर्ण और उत्तर रेलवे के यश ने रजत पदक हासिल किया। बरेका के मुन्ना यादव और उत्तर पश्चिम रेलवे के परविंदर को कांस्य मिला।

123

ग्रीको रोमन के 82 किग्रा वर्ग में उत्तर मध्य रेलवे के अमन ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रोहित दहिया ने रजत तथा मध्य रेलवे के अंकित और उत्तर रेलवे के नीरज ने कांस्य पदक जीता। 63 किग्रा वर्ग में उत्तर पश्चिम रेलवे के संदीप ने स्वर्ण, पश्चिम रेलवे के रुपिन ने रजत और मध्य रेलवे के चेतन ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

123

13 रेलवे टीमों ने लिया हिस्सा
29 सितंबर से एक अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में भारतीय रेल की 13 टीमों के पहलवानों ने हिस्सा लिया। फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन की कुल 20 भार श्रेणियों में मुकाबले हुए। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार दांव-पेच और तकनीक का प्रदर्शन किया। ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पहलवानों की मौजूदगी भी प्रतियोगिता के आकर्षण का केंद्र रही। समापन समारोह में बरेका के वरिष्ठ अधिकारी, खेलकूद संघ के पदाधिकारी, प्रशिक्षक, निर्णायक, विभिन्न रेलवे टीमों के खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ हुआ।

Share this story