मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग पर जलभराव और गड्ढों से बढ़ी परेशानी, शीतला धाम जाने वाले श्रद्धालु व स्थानीय व्यापारी बेहाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मोहनसराय चौराहे से अदलपुरा जाने वाला प्रमुख मार्ग इन दिनों हल्की बारिश के बाद भी जलभराव और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण गंभीर समस्या का रूप ले चुका है। सड़क पर बदबूदार सीवर का पानी जमा होने से स्थानीय लोगों, राहगीरों और अदलपुरा स्थित मां शीतला धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से बनी यह समस्या अब आम जनजीवन और स्थानीय व्यापार दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।

123

स्थानीय लोगों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा हाईवे के सर्विस रोड के किनारे बनाए गए नाले की समुचित निकासी व्यवस्था नहीं होने से नाला अक्सर ओवरफ्लो हो जाता है। परिणामस्वरूप सीवर का बदबूदार पानी मोहनसराय-अदलपुरा मार्ग पर फैल जाता है। जलभराव के कारण सड़क की सतह भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं।

बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। पैदल चलने वाले लोगों, विशेषकर स्कूल जाने वाले बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। तेज रफ्तार से गुजरने वाले वाहनों के कारण गंदे पानी के छींटे राहगीरों और विद्यार्थियों के कपड़ों पर पड़ते हैं, जिससे उन्हें रोजाना असुविधा झेलनी पड़ती है। वहीं बाइक और साइकिल सवार कई लोग सड़क पर बने गड्ढों में असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं।

123

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ा है। उनका आरोप है कि ग्राहकों की संख्या घटने से रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है और कई छोटे व्यवसाय आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग से जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का भी आवागमन होता है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत, जल निकासी की समुचित व्यवस्था और सीवर ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं, राहगीरों और स्थानीय व्यापारियों को राहत मिल सके।

Share this story