भदैनी इंटेकवेल की मरम्मत के चलते शनिवार शाम भेलूपुर क्षेत्र में जलापूर्ति रहेगी बंद, नगर निगम ने जारी की सलाह

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम के जलकल विभाग ने भदैनी स्थित इनटेकवेल में नियमित सर्विसिंग और मरम्मत कार्य के मद्देनजर शनिवार (11 जुलाई) की सायंकालीन जलापूर्ति बाधित रहने की सूचना जारी की है। विभाग ने नागरिकों से पहले ही आवश्यक मात्रा में पानी का भंडारण कर लेने की अपील की है, ताकि शाम के समय किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जलकल विभाग के अनुसार भदैनी इनटेकवेल पर निर्धारित रखरखाव और तकनीकी मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। इसके चलते भेलूपुर जलकल विभाग से संचालित होने वाली शाम की जलापूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी। इसका असर भेलूपुर क्षेत्र सहित उससे जुड़े कई इलाकों में देखने को मिलेगा, जहां लोगों को कुछ समय के लिए पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।

जलकल विभाग के सचिव विश्वनाथ गुप्ता ने बताया कि यह कार्य शहर की पेयजल व्यवस्था को अधिक सुचारू, सुरक्षित और प्रभावी बनाए रखने के लिए नियमित रखरखाव योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर इस प्रकार की तकनीकी सर्विसिंग आवश्यक होती है, जिससे भविष्य में जलापूर्ति व्यवस्था बिना किसी बाधा के संचालित की जा सके।

नगर निगम ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे शनिवार सुबह ही अपनी आवश्यकता के अनुसार पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें। इससे शाम के समय घरेलू उपयोग, पेयजल और अन्य दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

Share this story