सारनाथ में दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार, दो पुराने मुकदमे भी दर्ज
युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म करने का आरोप, परशुराम मैदान से हुई गिरफ्तारी
वाराणसी। सारनाथ पुलिस ने दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे में वांछित एक आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अकथा निवासी रिक्की उर्फ भंटू राजभर (21) के रूप में हुई है। उसे 11 अक्टूबर को दोपहर करीब 12:30 बजे सारनाथ थाना क्षेत्र के बेनीपुर स्थित परशुराम मैदान से गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, 10 अक्टूबर को मुकदमे के वादी ने थाने में लिखित प्रार्थना पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया गया कि आरोपी वादी की करीब 20 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और नशीला पदार्थ सुंघाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर थाना सारनाथ में मुकदमा अपराध संख्या 514/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(1) और 123 में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पंकज कुमार त्रिपाठी कर रहे हैं।
आरोपी पर पहले भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सारनाथ थाने में पहले भी दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2025 का मुकदमा अपराध संख्या 270/2025, बीएनएस की धारा 296 तथा मुकदमा अपराध संख्या 499/2025, बीएनएस की धाराओं 115(2), 351(3) और 352 से संबंधित है। इसके अलावा वर्तमान मामले में मुकदमा अपराध संख्या 514/2026 दर्ज है।
पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक राहुल यादव, हेड कांस्टेबल महेश चौहान और कांस्टेबल कन्हैया खरवार शामिल रहे।

