वाराणसी विकास प्राधिकरण के नवागत सचिव विवेक कुमार मिश्र ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान, कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
विभिन्न विभागों के रजिस्टर और अभिलेखों का किया अवलोकन, फाइलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश, स्वच्छता, पारदर्शिता और अनुशासन पर दिया जोर
वाराणसी। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के नवनियुक्त सचिव विवेक कुमार मिश्र ने मंगलवार को प्राधिकरण कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों का भ्रमण कर वहां रखे रजिस्टरों और महत्वपूर्ण अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फाइलों का सुव्यवस्थित रखरखाव करने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, अनुशासन और कार्यक्षमता को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में अभिलेखों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। फाइलों के रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक प्रकरण का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए।

सचिव विवेक कुमार मिश्र ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि बेहतर कार्यालयीन कार्यसंस्कृति विकसित करने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना होगा। विभागीय कार्यों में अनावश्यक देरी से बचने और आमजन से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए नियमित अनुश्रवण और बेहतर कार्यप्रणाली जरूरी है। निरीक्षण के दौरान अपर सचिव गुडाकेश शर्मा, संपत्ति अधिकारी रमेश चंद दुबे सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

