बीएसएनएल में सतर्कता जागरुकता सप्ताह शुरू, भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति का लिया संकल्प
प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ, एक नवंबर तक चलेंगे जागरूकता अभियान
वाराणसी। भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल), वाराणसी में सोमवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026 का शुभारंभ हुआ। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) और बीएसएनएल मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत 26 अक्टूबर से एक नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताह के पहले दिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ लेकर ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
शिवपुरवा स्थित दूरभाष केंद्र के सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व बीएसएनएल के प्रधान महाप्रबंधक दूरसंचार अनिल कुमार गुप्ता ने किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने कार्यक्षेत्र के साथ दैनिक जीवन में भी नैतिक मूल्यों का पालन करने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
पारदर्शिता से बढ़ता है संस्थान पर भरोसा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान महाप्रबंधक अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति और उसके प्रति जनता का विश्वास पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्यप्रणाली पर निर्भर करता है। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कार्यसंस्कृति में नैतिक मूल्यों को मजबूत बनाना और भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण तैयार करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि संस्थान की विश्वसनीयता बनी रहे और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
ऑनलाइन ई-प्लेज और जागरूकता अभियान की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान सतर्कता विभाग की ओर से केंद्रीय सतर्कता आयोग के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन ई-प्लेज लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही सप्ताहभर आयोजित होने वाले विभिन्न जागरूकता अभियानों के बारे में भी अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया गया। इन अभियानों का उद्देश्य कार्यस्थल पर ईमानदारी, नैतिक आचरण और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक (प्रशासन) दिनेश कुमार उपाध्याय, आंतरिक वित्त सलाहकार (आईएफए) एसके पुष्कर, जनसंपर्क अधिकारी अनीष कुमार सिंह, सहायक महाप्रबंधक (प्रशासन) अमित प्रकाश वर्मा और उपमंडल अभियंता (सतर्कता) बाल मुकुंद सिंह सहित बीएसएनएल के प्रमुख अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

