अवैध प्लाटिंग और भूमाफियाओं पर VDA का तगड़ा वार, हर सप्ताह दर्ज होंगी एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण और भूमाफियाओं के खिलाफ विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में मंगलवार को वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा की अध्यक्षता में प्राधिकरण कार्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पांचों जोनों के जोनल अधिकारी, अवर अभियंता तथा फील्ड स्टाफ उपस्थित रहे। उपाध्यक्ष ने मातहतों को निर्देशित किया कि अवैध निर्माण पर सख्त कार्रवाई की जाए। हर सप्ताह एफआईआर दर्ज कराई जाए। 

उपाध्यक्ष ने सभी जोनों से अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग से संबंधित मामलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध प्लाटिंग या निर्माण पाए जाने पर संबंधित सुपरवाइजर के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित अवर अभियंता और जोनल अधिकारी की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।

123

उपाध्यक्ष ने अब तक की गई ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई का अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जोन में प्रति सप्ताह कम से कम तीन अवैध प्लाटिंग के मामलों में एफआईआर दर्ज कराना अनिवार्य होगा, ताकि भूमाफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अवैध निर्माण और प्लाटिंग के विरुद्ध नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को क्षेत्रीय निगरानी बढ़ाने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा के दौरान गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों और हाई फ्लड लेवल (एचएफएल) क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माणों पर विशेष चिंता व्यक्त की गई। उपाध्यक्ष ने कहा कि इन संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में तत्काल ध्वस्तीकरण, विधिक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने कहा कि शहर के नियोजित, सुव्यवस्थित और सतत विकास के लिए अवैध निर्माण, अवैध प्लाटिंग और भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है तथा किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share this story