अवैध निर्माण पर वीडीए उपाध्यक्ष सख्त, जोनल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस
वाराणसी। विकास प्राधिकरण ने शहर में बढ़ते अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के मामलों पर सख्त रुख अपनाया है। चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य बंद न होने पर उपाध्यक्ष ने जोनल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
मामला जोन-एक के शिवपुर और सिकरौल वार्ड का है, जहां बड़े पैमाने पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की शिकायतें मिली थीं। निरीक्षण के दौरान रिंग रोड के आसपास अवैध निर्माण और कॉलोनियों के विकसित होने के प्रमाण भी सामने आए। इस पर नाराजगी जताते हुए उपाध्यक्ष ने संबंधित जोनल अधिकारी सौरभ जोशी से स्पष्टीकरण मांगा है।
उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि एक सप्ताह के भीतर सभी अवैध निर्माण बंद कराए जाएं, अन्यथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध निर्माण के लिए केवल जोनल अधिकारी ही नहीं, बल्कि अवर अभियंता और प्रवर्तन से जुड़े अन्य कर्मचारी भी जिम्मेदार होंगे।
उपाध्यक्ष ने पिंडरा से रिंग रोड होते हुए सारनाथ तक स्थलीय निरीक्षण किया और पाया कि कई स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर निर्माण कार्य जारी है। इसे वीडीए की छवि के लिए नुकसानदायक बताते हुए उन्होंने सख्त रुख अपनाने की बात कही।

