VDA उपाध्यक्ष ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जोनल अधिकारियों व जेई को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। विकास प्राधिकरण सभागार में गुरुवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने दिसंबर माह में सर्वाधिक एवं त्वरित रूप से ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। 

दिसंबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए अपर नगर नियोजक एवं जोनल अधिकारी सौरभ जोशी, अवर अभियंता जयप्रकाश गुप्ता, प्रिया अग्रहरी, जोन-3 के जोनल अधिकारी सौरभ देव प्रजापति, अवर अभियंता रविन्द्र प्रकाश तथा एसोसिएट इंजीनियर सुशील कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इन अधिकारियों ने कम समय में अधिकतम ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृत कर आमजन को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराईं।

123

समारोह को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना वाराणसी विकास प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मानचित्र स्वीकृति प्रणाली लागू होने से आमजन को बड़ी राहत मिली है और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बढ़ी है। इस व्यवस्था से भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण संभव हुआ है, वहीं आम नागरिकों का विश्वास भी प्राधिकरण पर मजबूत हुआ है।

उपाध्यक्ष ने कहा कि जो अधिकारी और कर्मचारी इस प्रणाली को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, उन्हें सम्मानित करना आवश्यक है, ताकि अन्य कार्मिक भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा, समर्पण और तत्परता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।

Share this story