वाराणसी की बेटी ममता पाल ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर रचा इतिहास
बढ़ैनी खुर्द गांव निवासी ममता पाल उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर कार्यरत हैं और खेल जगत में अपनी मेहनत व प्रतिभा के लिए जानी जाती हैं। इस प्रतियोगिता में भारत की ओर से 260 खिलाड़ियों का दल हिस्सा लेने गया था, जिसमें ममता पाल ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ममता को अंगवस्त्रम भेंट कर और मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, "काशी की धरती की बेटी ने विश्व पटल पर परचम लहराया है। ममता पाल ने 5000 मीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में स्वर्ण जीतकर इतिहास रचा है। यह गौरवपूर्ण क्षण पूरे देश और खासकर वाराणसी के लिए गर्व का विषय है।"
अजय राय ने आगे कहा, "ममता की मेहनत और जज़्बे ने देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया है। इस स्वर्ण पदक के साथ यह साबित हो गया है कि भारतीय महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। वे मैदान में ऐसी चमक बिखेर रही हैं, जो हर भारतीय को गर्व महसूस कराती है।"
कांग्रेसजनों ने ममता के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ममता की यह उपलब्धि न केवल वाराणसी बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। ममता को बधाई देते हुए सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना की।

