वाराणसी : गोवर्धन धाम में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया यादव दिवस
वाराणसी। गोवर्धन धाम में बुधवार को ‘यादव गांधी’ स्व. चौधरी राजित सिंह यादव की जयंती के अवसर पर यादव दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गोवर्धन धारी जी की श्रृंगार आरती के बाद आयोजित कार्यक्रम में यादव समाज के लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने की। इस अवसर पर समाज के लोगों ने चौधरी राजित सिंह यादव के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को याद किया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को यादव दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
धार्मिक एवं सामाजिक माहौल के बीच धाम पर मौजूद सभी श्रद्धालुओं को मिठाई वितरित की गई, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समाज के लोग इस आयोजन में शामिल हुए, जिससे कार्यक्रम और भी भव्य हो गया।

इस अवसर पर दिनेश यादव पप्पू, भोला यादव, जयप्रकाश यादव, राजेश अहिर, अशोक यादव ढुल्ली, विजय यादव, लाल बच्चन, मनोज यादव, राजा यादव, श्री प्रकाश यादव, प्रदीप यादव, अभय स्वाभिमानी, कमलेश, पारस यादव पप्पू, सतीश यादव समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे और सभी ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम के दौरान किशोरी किशोर दास ट्रस्ट बोर्ड ने गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। ट्रस्ट बोर्ड ने समिति द्वारा समाज के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहनीय बताया।
कार्यक्रम का संचालन पारस यादव पप्पू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन किशोरी किशोर दास यादव द्वारा दिया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देखने को मिला।

