वाराणसी : जोड़ी-गदा दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, सुरेंद्र ने 60 किलो की गदा 30 बार उठाकर मारी बाजी
वाराणसी। मिर्जामुराद क्षेत्र के बेनीपुर (मुबारकपुर) गांव में रविवार को पारंपरिक जोड़ी-गदा दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर और सोनभद्र के पहलवानों ने अपनी शारीरिक क्षमता, ताकत और दमखम का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पहलवानों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
दंगल में सुरेंद्र पहलवान ने 60 किलोग्राम की गदा को लगातार 30 बार उठाकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, बेनीपुर (सबलपुर) के ओम प्रकाश यादव ने 40 बार जोड़ी उठाकर प्रतियोगिता में बाजी मारी। गदा नंबर दो की स्पर्धा में अजय यादव प्रथम रहे। इसके अलावा मिर्जापुर के सौरव यादव ने दो क्विंटल का नाल उठाकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया और पहला स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम के दौरान जोखू पहलवान ने बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वहीं, लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर और ग्राम प्रधान राजकुमार पटेल ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजेता रहे पहलवानों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में कुश्ती और व्यायाम की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

