वाराणसी : अग्रहरि महिला समाज के तीज महोत्सव में महिलाओं ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, तीज क्वीन प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
वाराणसी। अग्रहरि महिला समाज संस्था की ओर से रविवार को मलदहिया स्थित एक होटल में तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तीज क्वीन प्रतियोगिता महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नम्रता चौरसिया और विशिष्ट अतिथि बिनीता अग्रहरि रहीं। दीप प्रज्ज्वलन के बाद ईश वंदना और गणेश स्तुति से समारोह का शुभारंभ हुआ। अतिथियों का माल्यार्पण और स्वागत गीत के माध्यम से अभिनंदन किया गया।

तीज क्वीन प्रतियोगिता में दिखी प्रतिभा
प्रतियोगिता में महिलाओं ने आकर्षक प्रस्तुतियों, विभिन्न मुद्राओं और कैटवॉक के जरिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों से सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक और महिला उत्थान से जुड़े सवाल पूछे। प्रतिभागियों ने अपने जवाबों से अपनी जागरूकता और विचारों को प्रस्तुत किया। इस दौरान वंदना, दीपमाला, श्वेता, हेमा, रेखा, मोनी और मोनिका ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में चयनित तीज क्वीन विजेताओं को मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और संरक्षिकाओं सुनीता, मीरा एवं श्वेता ने मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।

महिला अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश
मुख्य अतिथि नम्रता चौरसिया ने अपने संबोधन में महिलाओं से अपने कर्तव्यों के साथ-साथ अधिकारों के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और आत्मविश्वास को महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्रम एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्था की महामंत्री इंदु अग्रहरि ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

