वाराणसी : खजुरी में हाईवे किनारे नाले से मिला महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी गांव के समीप बुधवार शाम नेशनल हाईवे किनारे स्थित नाले में एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खजुरी स्थित एक ढाबे के सामने हाईवे किनारे नाले में महिला का शव पड़ा देख राहगीरों में हड़कंप मच गया। ढाबे की ओर जा रहे एक व्यक्ति की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके का निरीक्षण कराया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मृत महिला की पहचान कराने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। महिला सफेद मटमैले रंग का गंदा शमीज सूट पहने हुई थी। शव के पास से पानी की एक बोतल भी बरामद हुई है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में लिया है।
ग्रामीणों के बीच चर्चा रही कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत होती थी और पिछले कई दिनों से हाईवे किनारे घूमते हुए दिखाई देती थी। महिला की मौत कैसे हुई और वह नाले में कैसे पहुंची, इसे लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

