वाराणसी : हरपालपुर में मिला महिला का रक्तरंजित शव, हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। महिला के चेहरे पर रक्त लगा था। वहीं चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के बाहरी इलाके में एक सुनसान स्थान पर महिला का शव पड़ा मिला। इसे देख लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतका के पास से एक आधार कार्ड मिला है, जिस पर नरगिस परवीन, निवासी नई सड़क लिखा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शव की स्थिति काफी संदिग्ध लग रही है, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और शव को यहां लाकर फेंका गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।

