वाराणसी : कमरे में बेहोश मिली महिला, चौकी प्रभारी ने भेजवाया अस्पताल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। तिलमापुर क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब किराये के मकान में रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खोला। आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक और आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। सूचना मिलते ही आशापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीक्षा पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। कमरे का दरवाजा खुलवाने पर महिला अंदर बेहोशी की हालत में मिली।

जानकारी के अनुसार, रोहतास, बिहार निवासी वैशाली पत्नी पंकज कुमार तिलमापुर में कैलाश नाथ मिश्रा के मकान में किराये पर रहती हैं। सोमवार सुबह काफी देर तक उनके कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद मकान मालिक ने पीआरवी के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचीं चौकी प्रभारी ने पहले महिला को आवाज देकर स्थिति जानने का प्रयास किया। कोई जवाब नहीं मिलने पर मकान मालिक की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा खुलवाया गया। अंदर महिला बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। पुलिस ने तत्काल प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें होश में लाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद महिला को होश आ गया।

होश में आने पर वैशाली ने बताया कि उनके पति पंकज कुमार काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। सोमवार को उनका उपवास भी था। इसी दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से वह कमरे में बेहोश हो गईं और किसी को सूचना देने या दरवाजा खोलने की स्थिति में नहीं थीं। महिला की स्थिति को देखते हुए चौकी प्रभारी ने तत्काल उसके रिश्तेदारों से संपर्क किया। सारनाथ निवासी अवधेश कुमार को सूचना दी गई। उनके मौके पर पहुंचने के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने महिला के पति पंकज कुमार को भी फोन पर घटना की जानकारी दी।

समय पर पुलिस के पहुंचने और तत्काल सहायता मिलने से महिला को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया जा सका। स्थानीय लोगों ने चौकी प्रभारी दीक्षा पांडेय की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की। घटना ने यह भी दिखाया कि आसपास के लोगों की सतर्कता और समय पर पुलिस को सूचना देना आपात स्थिति में बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है।

Share this story