वाराणसी : अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के चिरईगांव स्थित वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पनिहरी गांव निवासी सुलाबी देवी दोपहर के समय गैस की कमी के चलते सड़क किनारे लकड़ी बीनने गई थीं। कुछ लकड़ी इकट्ठा करने के बाद वह उसे सिर पर रखकर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को तत्काल सीएचसी नरपतपुर पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

