वाराणसी : पार्किंग में गंदगी का विरोध करने पर महिला से मारपीट, पिता-पुत्र पर मुकदमा
वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के खोजवा इलाके में अपार्टमेंट की पार्किंग में गंदगी फैलाने का विरोध करने पर एक महिला से मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पिता-पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खोजवा निवासी सुमन पांडेय ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी कृष्ण लाल और उनके पुत्र विकास केशरी अक्सर अपार्टमेंट की पार्किंग में गंदगी फैलाते थे। महिला का कहना है कि दोनों की हरकतों से अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को परेशानी होती थी। जब उन्होंने और अन्य निवासियों ने इसका विरोध किया तो आरोपी उनसे रंजिश रखने लगे।
पीड़िता के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद महिला ने भेलूपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कृष्ण लाल और विकास केशरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं तथा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

