वाराणसी : बाढ़ पीड़ितों के बीच पहुंचे मंत्री रविंद्र जायसवाल, बांटी राहत सामग्री, जाना हाल
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की।

शहर उत्तरी विधानसभा के वार्ड दानियालपुर स्थित नवोदय पब्लिक स्कूल में बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि आपदा की इस घड़ी में सरकार उनके साथ है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को तत्काल राहत शिविरों में विस्थापित किया जाए।

उन्होंने राहत शिविरों में रह रहे लोगों के लिए सभी बुनियादी सुविधाएं, जैसे साफ-सफाई, चिकित्सा, खान-पान और रहने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, प्रभावित लोगों की सूची तैयार करने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर पार्षद जितेंद्र कुशवाहा, सुशील गुप्ता, मंडल अध्यक्ष दिलीप चौहान, अतुल सिंह, सुरेंद्र जी, मनोज जायसवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

